सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री साय का पंडरिया दौरा : श्रमिकों के साथ भोजन, आवास हितग्राहियों को गृह प्रवेश से ग्रामीणों में उत्साह

रायपुर, 04 मई 2026/जनता की समस्याओं के समाधान व शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी द्वारा सुशासन तिहार 2026 के माध्यम से जनता के घर व गाँव तक पहुंचकर सार्थक संवाद किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी का पंडरिया विधानसभा के वनांचल ग्राम लोखान व कमराखोल में आगमन हुआ। इस अवसर पर कुई-कुकदुर हैलीपैड में पंडरिया विधायक एवं बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी और पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा वनांचल ग्राम लोखान में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को गृह प्रवेश कराया गया व लाभार्थियों को शुभकामनाएं दी गईं। ग्राम में निर्माणाधीन पंचायत भवन में मुख्यमंत्री द्वारा ईंट जोड़ाई कर निर्माण कार्य में जुटे श्रमिकों से मुलाकात की गई और उनके साथ अंगाकर रोटी एवं बोरे बासी भोजन किया गया।
तत्पश्चात ग्राम कमराखोल में जन चौपाल के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी ने जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं से अवगत होकर उनका निराकरण किया। साथ ही क्षेत्र में महतारी सदन स्थापना एवं विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा की गई, जिसके लिए विधायक भावना बोहरा एवं क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान उन्होंने लखपति दीदियों, स्वसहायता समूह की बहनों तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद किया तथा पीएम आवास योजना के तहत निर्माणाधीन घरों का निरीक्षण किया। वनांचल क्षेत्र में निवासरत आदिवासी परिवारों में मुख्यमंत्री के आगमन से उत्साह का वातावरण देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने सरलता के साथ उनकी समस्याएं सुनीं और प्रमुख मांगों को शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार 2026 राज्य सरकार की जनकेन्द्रित सोच, पारदर्शी कार्यप्रणाली और संवेदनशील प्रशासन का जीवंत उदाहरण है। यह पहल शासन की कार्यकुशलता को मजबूत करने के साथ-साथ आम नागरिकों के जीवन में प्रत्यक्ष सकारात्मक बदलाव ला रही है। यह तिहार “सेवा, सुशासन और जनविश्वास” के मूल मंत्र को साकार करता है तथा विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को गति देता है।
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सुशासन तिहार केवल एक आयोजन नहीं बल्कि जनसेवा और जवाबदेही का सशक्त संकल्प है। यह अभियान गांव-गांव पहुंचकर नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है। इससे शासन व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूती मिली है।

उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। सुशासन तिहार सरकार और जनता के बीच विश्वास को मजबूत कर एक सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद पंडरिया विधानसभा के वनांचल एवं आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में विकास की गति तेज हुई है। प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत 171 किलोमीटर से अधिक पक्के सड़क, 4 उच्चस्तरीय एवं 10 पुलिया निर्माण की स्वीकृति, 3500 नए पीएम आवास, जल संसाधन विभाग अंतर्गत महीडबरा जलाशय योजना, पुटपुटा व्यपवर्तन योजना, कौआनार व्यपवर्तन योजना, एनिकट कम काजवे तथा नल जल प्रदाय हेतु ग्राम मुनमुना में सिंगल विलेज नल जल प्रदाय योजना की सौगात मिली है। साथ ही 27 आंगनबाड़ी भवन निर्माण, कुई-कुकदुर में शासकीय महाविद्यालय भवन निर्माण, विद्युत् विहीन गांवों तक बिजली आपूर्ति सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों से वनांचल क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिल रही है।
इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला व जनपद सदस्य, सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



