Tragic Drowning: 12-year-old dies in Hasdeo river | दीदी-जीजा से मिलने आया था चिराग, नहाते वक्त गहरे पानी में डूबा | जांजगीर-चांपा से दर्दनाक खबर

जांजगीर-चांपा। जिले की हसदेव नदी में बने कुदरी बैराज में नहाते वक्त 12 साल के एक बच्चे की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान चिराग साहू के रूप में हुई है, जो बिलासपुर जिले के कोटा का निवासी था।
जानकारी के मुताबिक, चिराग अपने परिवार के साथ ग्राम महुदा स्थित अपनी दीदी और जीजा के घर घूमने आया था। शनिवार सुबह करीब 7 बजे परिवार के सभी सदस्य कुदरी बैराज में नहाने पहुंचे थे। नहाने के बाद सभी लोग बाहर आ गए, लेकिन चिराग पैंट और टी-शर्ट पहनकर दोबारा पानी में कूद गया और गहरे पानी में चला गया।
परिजन और आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसकी सूचना तत्काल चांपा पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची राहत दल की टीम ने रेस्क्यू कर बच्चे को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
घटना से परिवार में शोक का माहौल है।



