टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग को मिले 21 नए अधिकारी, ओपी चौधरी बोले- नियोजित विकास को मिलेगी नई रफ्तार

रायपुर, 13 मई 2026। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) ने आवास एवं पर्यावरण विभाग अंतर्गत सहायक संचालक (योजना) के 21 पदों पर भर्ती का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। राज्य गठन के बाद यह पहला मौका है, जब टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग में इस पद पर नियमित भर्ती की गई है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इसे प्रदेश के सुव्यवस्थित, वैज्ञानिक और दूरदर्शी शहरी विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह भर्ती केवल रिक्त पद भरने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के शहरों और कस्बों के नियोजित विकास को नई गति देने की पहल है।
उन्होंने कहा कि टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग आधुनिक शहरों के निर्माण, आधारभूत संरचना विकास और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नई नियुक्तियों से विभाग को युवा, प्रशिक्षित और ऊर्जावान अधिकारियों का सहयोग मिलेगा, जिससे प्रदेश के शहरी विकास कार्यों में तेजी आएगी।
वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को अधिकतम रोजगार अवसर उपलब्ध कराने और शासन-प्रशासन में योग्य प्रतिभाओं को स्थान देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। यह भर्ती प्रक्रिया उसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
लोक सेवा आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, लिखित परीक्षा 5 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी, जबकि साक्षात्कार 12 मई 2026 को संपन्न हुआ। लिखित परीक्षा और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर अंतिम चयन सूची जारी की गई है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें प्रदेश के नियोजित और संतुलित विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि चयनित अधिकारी अपने ज्ञान, कौशल और समर्पण से छत्तीसगढ़ के विकास में उल्लेखनीय योगदान देंगे।



