छत्तीसगढ़
Trending

तोमर बंधुओं की बढ़ी मुश्किलें: हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर के खिलाफ एक और FIR, धमकाकर वसूले 1.16 करोड़ रुपये

रायपुर। हिस्ट्रीशीटर रोहित सिंह तोमर और करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र तोमर की मुसीबतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुरानी बस्ती थाने में रोहित तोमर के खिलाफ एक और नया मामला दर्ज हुआ है। शिकायतकर्ता करण सोनी ने पुलिस को बताया कि उसने रोहित से 10 लाख रुपये उधार लिए थे, जिसे समय पर लौटा दिया था। इसके बावजूद आरोपी ने उसे धमकाकर 1 करोड़ 16 लाख रुपये वसूल लिए। पीड़ित ने बताया कि रोहित के प्रभाव और डर की वजह से वह पहले शिकायत दर्ज नहीं करवा सका।

इससे पहले पुलिस ने भाठागांव स्थित साई विला में तोमर बंधुओं के मकान पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की थी। इस दौरान लाखों की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, लक्जरी गाड़ियां, अवैध हथियार, जमीनों के दस्तावेज और नोट गिनने की मशीन जब्त की गई थी। इसी कार्रवाई में दिव्यांश तोमर को गिरफ्तार किया गया था, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार रोहित और वीरेंद्र तोमर पर हत्या और हत्या के प्रयास सहित करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। छापे के दौरान उनके घर से 30 ब्लैंक चेक भी बरामद हुए हैं, जो विभिन्न लोगों के नाम से हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी ब्याज पर पैसे देकर जबरन लोगों से साइन करवा कर ब्लैंक चेक रख लेते थे। इस संबंध में कुछ पीड़ितों के बयान भी थाने में दर्ज किए गए हैं।

करीब पांच महीने पहले म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी के एक मामले में कमल खट्टर की गिरफ्तारी हुई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी के नाम पर कई गाड़ियां रजिस्टर्ड हैं, जिसके बाद पुलिस ने तोमर बंधुओं के घर से 13 गाड़ियां जब्त की थीं। पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए नोटिस देकर तलब भी किया था।

इस पूरे मामले में पुलिस आर्थिक अनियमितताओं और पुराने आपराधिक मामलों की जांच तेजी से कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, अन्य पीड़ितों के बयान दर्ज कर कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button