भारतमाला परियोजना में गड़बड़ी का शक: ED ने दुर्ग में भाजपा नेता चतुर्भुज राठी के ठिकाने पर मारा छापा

दुर्ग, 30 अप्रैल 2026// प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता और अमर इंफ्रा के संचालक चतुर्भुज राठी के ठिकाने पर छापा मारा है। यह कार्रवाई दुर्ग के महेश कॉलोनी स्थित उनके निवास पर की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामला केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी भारतमाला परियोजना से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, ED की टीम सुबह पहुंची और दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण फाइलों को खंगाला। जांच एजेंसी इस परियोजना से जुड़े वित्तीय लेन-देन और संभावित अनियमितताओं की पड़ताल कर रही है।
चतुर्भुज राठी अमर इंफ्रा नामक बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के संचालक हैं। कंपनी ने वर्षों में कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम किया है और हाल ही में राठी के कोयला कारोबार में भी प्रवेश करने की चर्चा रही है।
बताया जाता है कि राठी ने 1986 में अमर बिल्डर्स की शुरुआत एकल स्वामित्व के रूप में की थी, जिसके बाद धीरे-धीरे इसे एक बड़े कारोबारी समूह के रूप में विकसित किया गया। उनके नेतृत्व में कंपनी ने देशभर में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को अंजाम दिया।
फिलहाल ED की कार्रवाई जारी है और आने वाले समय में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।



