
रायपुर, 17 जून 2026। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से ढाबों, होटलों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सघन आकस्मिक जांच अभियान चलाया। पुलिस अधिकारियों ने संचालकों को सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन करने और अवैध गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी।
पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण स्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी के मार्गदर्शन में थाना धरसीवा और पुलिस चौकी सिलतरा की टीम ने रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित ढाबों एवं होटलों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान पुलिस ने संचालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से होटल और ढाबा परिसरों में लगी अत्यधिक तेज रोशनी (हाई इंटेंसिटी लाइट) बंद रखने को कहा गया, ताकि राजमार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस ने भारी वाहनों और ट्रकों को सड़क किनारे अनियंत्रित तरीके से खड़ा नहीं करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की समझाइश दी। साथ ही पार्किंग के दौरान वाहनों की पार्किंग लाइट चालू रखने के निर्देश दिए गए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम की जा सके।

अभियान के दौरान ढाबा और होटल संचालकों को स्पष्ट रूप से बताया गया कि बिना वैधानिक अनुमति के शराब का विक्रय या सेवन कराना पूरी तरह प्रतिबंधित है। आबकारी अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनों के उल्लंघन पर कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने संचालकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध कारोबार या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सूचना तत्काल नजदीकी थाने अथवा डायल-112 को देने की अपील की।
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और नागरिकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



