
रायपुर, 19 मई 2026// रायपुर में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। राजधानी में बीते 24 घंटे के भीतर खमतराई, टिकरापारा और विधानसभा थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। इनमें विधानसभा क्षेत्र के आमासिवनी बस्ती में पैसों के विवाद को लेकर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 35 वर्षीय सुकृत खांडे के रूप में हुई है। सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे जोनल गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक खून से लथपथ हालत में सड़क किनारे पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच में सामने आया कि पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने सुकृत खांडे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग सहित चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों की पहचान राकेश गुप्ता उर्फ पानी, देवदास उर्फ हड्डी बंजारे और विनोद उर्फ विक्की हिरवानी के रूप में हुई है।
इधर टिकरापारा थाना क्षेत्र में भी चाकूबाजी की घटना सामने आई है, जिसमें बलराम शर्मा नामक युवक घायल हुआ है। उसका इलाज जारी है। वहीं खमतराई इलाके में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद चाकूबाजी हुई। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर एफआईआर दर्ज की है। घटना में शामिल युवकों के नाम अनिकेत, जीवन, पीयूष और आयुष बताए जा रहे हैं।
डीएसपी ग्रामीण वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि आमासिवनी इलाके में हुई हत्या के मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस सभी घटनाओं की जांच में जुटी हुई है।



