छत्तीसगढ़
Trending

प्रदेश में बढ़ेगी भीषण गर्मी: अगले 5 दिन लू चलने के आसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश-आंधी की संभावना

रायपुर, 20 मई 2026। छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होने वाली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के मध्य हिस्सों में अगले 5 दिनों तक लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

मंगलवार शाम रायगढ़ में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। दुर्ग-भिलाई में भी आंधी-तूफान का असर देखने को मिला, जहां तेज हवा के दौरान एक बिजली पोल कार पर गिर गया। रायपुर में शाम के समय बादल छाने से लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि बीते 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं नारायणपुर जिले के नांगुर क्षेत्र में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने बताया कि रायपुर में आज मौसम साफ रहने की संभावना है। राजधानी का अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है। इसमें 4 दिन आगे-पीछे होने की संभावना जताई गई है।

प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम ज्यादातर शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन कई इलाकों में लू का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button