
रायपुर, 24 अप्रैल 2026/
काटाबहरा (नगवाही) निवासी समलू मरकाम जिनकी पत्नी कपूरा मरकाम थायराइड कैंसर के चौथे स्टेज से पीड़ित है और चलने-फिरने में असमर्थ है। उन्हें बाइक में लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। यहां कलेक्टर गोपाल वर्मा ने मामला संज्ञान में आते ही तत्काल एम्बुलेंस बुलवाकर पीड़िता को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को बेहतर उपचार के लिए निर्देशित किया। महिला को बेहतर उपचार के लिए रायपुर में एडमिट करवाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि 11 नवंबर को ग्राम कांटाबहरा (नगवाही) के समलू मरकाम द्वारा थायराइड कैंसर पीड़ित पत्नी कपूरा मरकाम को बाइक में लिटाकर उपचार के लिए ले जाने की सूचना संज्ञान में आने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम 12 नवंबर को पीड़िता के घर पहुंची और उसे 108 एम्बुलेंस से बेहतर उपचार के लिए मेकाहारा रायपुर भेजा गया। यहां महिला को कैंसर रिसर्च यूनिट में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में इलाज हुआ।
उन्होंने आगे बताया कि पूर्व में पीड़िता के स्वास्थ्य समस्या की जानकारी मिलने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रेगांखार/सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बोड़ला विकासखंड बोड़ला की स्वास्थ्य टीम द्वारा ग्राम काटाबहरा (नगवाही) स्थित निवास पर निरीक्षण किया गया। इसमें पाया गया कि समलू मरकाम अपनी पत्नी कपूरा मरकाम के गले में गांठ और दर्द होने पर इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रेगांखार लेकर गए थे। वहां पदस्थ डॉक्टर द्वारा जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर मरीज को रायपुर रेफर किया गया।
जहां वर्ष 2024 में एक वर्ष तक एम्स, मेकाहारा तथा डीकेएस अस्पताल सहित कुछ निजी अस्पतालों में इलाज चला। इसके बाद जनवरी 2025 में टाटा मेमोरियल मुंबई में एक माह तक इलाज हुआ। वहां से लौटने के बाद पीड़िता को घर लाया गया।
पीड़िता की परेशानी बढ़ने पर 12 नवंबर को स्वास्थ्य विभाग द्वारा फिर से रायपुर विशेषज्ञ चिकित्सकों के पास इलाज के लिए ले जाया गया, जहां 12 और 13 नवंबर को मेकाहारा में भर्ती रही और 14 से 19 नवंबर 2025 तक एम्स में भर्ती कर कीमोथेरेपी दी गई। इसके बाद 20 नवंबर को मरीज को घर लाया गया और वह घर पर रहकर स्वास्थ्य लाभ ले रही थी।
इसके बाद महिला की तबीयत फिर बिगड़ने पर आज जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से उसे रायपुर में एडमिट करवाया जाएगा।



