सुपर 30 से आगे बढ़ा सपना: आनंद कुमार ने लॉन्च किया ‘सुपर इन्फिनिटी’, अब दुनिया भर के छात्र सीखेंगे गणित

नई दिल्ली, 8 मई 2026। देश के प्रसिद्ध गणितज्ञ, शिक्षक और ‘सुपर 30’ के संस्थापक आनंद कुमार ने शुक्रवार को अपने बहुप्रतीक्षित डिजिटल शिक्षा अभियान “सुपर इन्फिनिटी” का आधिकारिक शुभारंभ किया। इस नए प्लेटफॉर्म के जरिए अब गणित को कहानी, एनीमेशन, संगीत और वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़कर रोचक अंदाज में पढ़ाया जाएगा।
शाम 5:30 बजे जारी किए गए सिनेमाई और भावनात्मक एनीमेशन वीडियो ने सोशल मीडिया पर आते ही लोगों का ध्यान खींच लिया। छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों ने इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक नई और प्रेरणादायक पहल बताया।
आनंद कुमार ने लॉन्च के दौरान कहा कि हर वर्ष “सुपर 30” में केवल 30 छात्रों का चयन हो पाता था, लेकिन उनके मन में हमेशा यह सवाल रहता था कि बाकी लाखों सपनों का क्या होगा। उन्होंने कहा कि “सुपर इन्फिनिटी” उसी सवाल का जवाब है और यह केवल ऑनलाइन क्लास नहीं, बल्कि एक शैक्षणिक आंदोलन है।
उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट को उनकी छोटी टीम ने वर्षों की मेहनत के बाद तैयार किया है। जून 2026 से SuperInfinity.com पर ऑनलाइन क्लासेस शुरू होंगी। इसके साथ ही वे यूट्यूब चैनल के माध्यम से भी छात्रों तक पहुंचेंगे।
यह प्लेटफॉर्म केवल फॉर्मूले याद कराने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि छात्रों को यह समझाने का प्रयास करेगा कि गणित का संबंध जीवन, संगीत, प्रकृति और ब्रह्मांड से किस प्रकार जुड़ा हुआ है। आने वाले समय में इस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध लेक्चर कई विदेशी भाषाओं में भी जारी किए जाएंगे।
इसके अलावा “सुपर इन्फिनिटी” प्रेरणादायक फिल्मों और कंटेंट निर्माण पर भी काम करेगा, ताकि बच्चों और युवाओं को अपने सपनों के लिए प्रेरणा मिल सके।
गौरतलब है कि आनंद कुमार पिछले लगभग 30 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनके “Super 30” अभियान ने आर्थिक रूप से कमजोर सैकड़ों छात्रों को IIT जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों तक पहुंचाया है। उनके जीवन पर बनी Super 30 को देश-विदेश में व्यापक सराहना मिली थी। वर्ष 2023 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया था।



