छत्तीसगढ़
Trending

छिंदनार में गूंजा ‘सचिन-सचिन’: मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड का उद्घाटन, बच्चों को दिए सफलता के मंत्र, CM बोले—प्रदेश के लिए गौरव का क्षण

रायपुर, 22 अप्रैल 2026/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज माँ दंतेश्वरी की पावन धरा पर भारत रत्न और क्रिकेट के महानायक सचिन तेंदुलकर के आगमन पर सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि दंतेवाड़ा जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र छिंदनार ग्राम में सचिन तेंदुलकर का आगमन बदलते हुए बस्तर की सशक्त पहचान है। यह उस नए बस्तर की तस्वीर प्रस्तुत करता है, जो अब भय और असुरक्षा की छाया से निकलकर विकास, अवसर और आत्मविश्वास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस तरह की पहल बस्तर के युवाओं को नई दिशा देंगी और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सचिन तेंदुलकर द्वारा बच्चों के बीच जाकर समय बिताना, उन्हें खेलों के प्रति प्रेरित करना और उनके भीतर आत्मविश्वास का संचार करना इस अभियान को और अधिक प्रभावशाली बनाता है। इससे न केवल खेल प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिलेगा, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार होगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सचिन तेंदुलकर का बस्तर आगमन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है और उनका आगमन यहां के बच्चों एवं युवाओं के लिए प्रेरणा का सशक्त स्रोत बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन एवं माणदेशी फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘मैदान कप अभियान’ खेल अधोसंरचना के विकास की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है। विशेष रूप से जनजातीय अंचलों में बच्चों को खेल मैदान और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का यह प्रयास बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल और युवा विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा भविष्य में भी इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।


दंतेवाड़ा के ग्राम छिंदनार में सचिन तेंदुलकर ने रखी खेल क्रांति की नींव

सचिन एवं मानदेशी फाउंडेशन के जरिए संवरेगा वनांचल का युवाओं का भविष्य

स्थानीय खेल प्रतिभाओं के लिए बुनियादी खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए फाउंडेशन प्रतिबद्ध

छात्र जीवन में प्रतिभा के साथ-साथ अनुशासन एवं कड़ी मेहनत सर्वाधिक जरूरी – सचिन तेंदुलकर

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले का स्वामी आत्मानंद हिन्दी मिडियम हाई स्कूल, छिंदनार बुधवार को एक ऐतिहासिक बदलाव का साक्षी बना, जहाँ क्रिकेट जगत के दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड का उद्घाटन किया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर माणदेशी फाउंडेशन की फाउंडर चेतना सिन्हा भी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में तेंदुलकर परिवार की विशेष उपस्थिति रही। सचिन, सारा और सोनिया ने बच्चों के साथ रस्साकशी, वॉलीबॉल, दौड़ और खो-खो जैसे खेलों में भाग लेकर उनका उत्साह बढ़ाया। इससे बच्चों में टीम भावना, आत्मविश्वास और खेल भावना का विकास हुआ।

उल्लेखनीय है कि छिंदनार के छात्र-छात्राओं भूमिका ठाकुर, नियासा मौर्य, निर्मला तरमा, पायल ठाकुर, सीताराम पुनर्म, अमित कुमार ने सचिन तेंदुलकर को खेल गतिविधियों की जानकारी दी।

उद्घाटन के बाद सचिन तेंदुलकर ने कहा कि भविष्य के चैंपियन तैयार करने के लिए केवल जुनून नहीं, बल्कि आधुनिक खेल सुविधाएं भी जरूरी हैं। उन्होंने वॉलीबॉल सहित अन्य खेलों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि विभिन्न खेलों में भागीदारी से रणनीतिक समझ और मानसिक परिपक्वता बढ़ती है।

इस पहल के तहत क्षेत्र के 50 गाँवों में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं, जहाँ क्रिकेट, फुटबॉल और कबड्डी को बढ़ावा मिलेगा।

सचिन तेंदुलकर ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा का संगम ही सफलता दिलाता है और जीवन में शॉर्टकट से बचना चाहिए। उन्होंने अपने पिता की भूमिका का स्मरण करते हुए छात्रों को पढ़ाई और खेल में संतुलन बनाने की सलाह दी।

उन्होंने बताया कि सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन की शुरुआत में उनकी पत्नी अंजली का महत्वपूर्ण योगदान रहा है और अब सारा, अर्जुन और सानिया भी इस कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सचिन तेंदुलकर के आगामी जन्म दिवस के अवसर पर अग्रिम केक काटा, जिससे पूरा परिसर “जन्म दिवस मुबारक हो” के नारों से गूंज उठा।

समापन पर कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव द्वारा सचिन तेंदुलकर को टेराकोटा शिल्प एवं ग्रामीणों द्वारा लौह शिल्प कलाकृतियां भेंट की गईं।

इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि बस्तर अब नक्सल मुक्त होकर शांति और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि यहां के बच्चों में अपार प्रतिभा है और सही अवसर मिलने पर वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

कार्यक्रम में कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, पुलिस अधीक्षक गौरव राय, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, डीएफओ रामकृष्ण रंगनाथा वाय सहित जनप्रतिनिधि एवं फाउंडेशन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button