मरम्मत कार्य बना जानलेवा: अचानक फूटा राखड़ बांध, JCB ऑपरेटर की मौत; 3 मजदूरों को सुरक्षित बचाया गया, जांच शुरू

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में CSEB का राखड़ बांध फूटने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में एक JCB ऑपरेटर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय कुल पांच मजदूर डेम में मरम्मत कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बांध टूट गया और राखड़ का तेज बहाव शुरू हो गया। बहाव इतना तेज था कि JCB मशीन बह गई और ऑपरेटर मलबे में दब गया।
मृतक की पहचान मड़वारानी निवासी हुलेश्वर कश्यप के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें तीन मजदूरों को सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना के बाद CSEB प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। बताया जा रहा है कि मरम्मत के दौरान सुरक्षा नियमों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया।
प्रशासन ने मृतक के परिजनों को कुल 23 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है।



