राज्यसभा चुनाव का बिगुल: 12 राज्यों की 26 सीटों पर 18 जून को वोटिंग, खरगे-देवगौड़ा समेत कई दिग्गज होंगे रिटायर

नई दिल्ली, 22 मई 2026। चुनाव आयोग ने राज्यसभा चुनाव 2026 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। 12 राज्यों की 26 सीटों पर 18 जून को मतदान कराया जाएगा। इनमें 10 राज्यों की 24 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होंगे, जबकि महाराष्ट्र और तमिलनाडु की 2 सीटों पर उपचुनाव कराए जाएंगे। चुनावी प्रक्रिया 1 जून से शुरू होगी और 18 जून को वोटिंग के बाद उसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे।
निर्वाचन आयोग के मुताबिक, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 8 जून तय की गई है। 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 11 जून तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।
इन चुनावों के साथ कई बड़े नेताओं का कार्यकाल भी खत्म होने जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कूरियन और रवनीत सिंह बिट्टू समेत कई दिग्गज राज्यसभा से रिटायर होंगे। राजनीतिक दलों ने संभावित उम्मीदवारों को लेकर मंथन भी तेज कर दिया है।
चुनाव आयोग ने बताया कि आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में चार-चार सीटों पर चुनाव होंगे। वहीं मध्यप्रदेश और राजस्थान में तीन-तीन सीटों पर मतदान कराया जाएगा। झारखंड में दो सीटें और मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश व मिजोरम में एक-एक सीट पर चुनाव होंगे।
महाराष्ट्र में सुनेत्रा अजित पवार और तमिलनाडु में एआईएडीएमके नेता सी.वी. षणमुगम के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीटों पर उपचुनाव कराए जाएंगे। राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और पार्टियां संख्या बल के हिसाब से रणनीति बनाने में जुट गई हैं।



