छत्तीसगढ़

नक्सल ऑपरेशन के बड़े चेहरे पी सुंदरराज का प्रमोशन: केंद्र ने NIA में IG बनाकर सौंपी अहम जिम्मेदारी

रायपुर, 17 जून 2026। छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पी सुंदरराज को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी पी सुंदरराज को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में इंस्पेक्टर जनरल (IG) पद पर नियुक्त किया गया है। इस संबंध में केंद्र सरकार ने नियुक्ति आदेश जारी कर दिया है।

गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर पी सुंदरराज को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि वे प्रतिनियुक्ति पर अपनी नई जिम्मेदारी संभाल सकें।

पी सुंदरराज छत्तीसगढ़ में विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों के लिए जाने जाते रहे हैं। उनके नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के खिलाफ कई सफल अभियान चलाए, जिससे नक्सली नेटवर्क को बड़ा नुकसान पहुंचा।

उनके कार्यकाल में खुफिया तंत्र को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया, जिसके चलते सुरक्षा अभियानों को नई गति और धार मिली। माना जाता है कि बस्तर के दुर्गम और संवेदनशील क्षेत्रों, विशेषकर अबूझमाड़ तक सुरक्षा बलों की पहुंच बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

पी सुंदरराज के कार्यकाल के दौरान बड़ी संख्या में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण भी किया, जिसे राज्य में नक्सल उन्मूलन अभियान की बड़ी उपलब्धि माना जाता है।

सुरक्षा मामलों के जानकारों का मानना है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में उनके अनुभव और रणनीतिक कार्यशैली का लाभ अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी को भी मिलेगा। उनकी नियुक्ति को आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पी सुंदरराज की NIA में नियुक्ति को छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button