अपराधछत्तीसगढ़

ओडिशा से आ रही 68 किलो गांजा की खेप पर पुलिस का शिकंजा: दो कारें जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार

सुकमा, 01 अगस्त 2026।

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एर्राबोर थाना पुलिस ने ओडिशा से दो कारों में तस्करी कर लाई जा रही 68 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 62.63 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान कर्नाटक के बीदर जिले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से दो सफेद रंग की स्विफ्ट कारों में अवैध गांजा लेकर तस्कर सुकमा की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही एर्राबोर बाजार के पास एनएच-30 पर घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका गया। तलाशी के दौरान कारों से 50 पैकेट गांजा बरामद हुए, जिनका कुल वजन 68 किलोग्राम निकला।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहेल खान, अब्दुल अदील और आकाश गौड़ के रूप में हुई है। तीनों कर्नाटक के बीदर जिले के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल की गई दो स्विफ्ट कारें, फर्जी नंबर प्लेट, मोबाइल फोन, नकदी और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C), 29 तथा बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही इस अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और पूरे गिरोह की जांच जारी है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

टैग: सुकमा, गांजा तस्करी, एर्राबोर, ओडिशा, कर्नाटक, एनडीपीएस एक्ट, छत्तीसगढ़ पुलिस, क्राइम न्यूज

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button