PM मोदी ने घटाया अपना काफिला: अब सिर्फ जरूरी गाड़ियां चलेंगी, ईंधन बचत के लिए अमित शाह ने भी कम किए वाहन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने ईंधन बचत और सरकारी खर्चों में कटौती को लेकर बड़ा कदम उठाया है। अब उनके काफिले में केवल जरूरी गाड़ियां ही शामिल होंगी। बताया जा रहा है कि एसपीजी सुरक्षा प्रोटोकॉल को बरकरार रखते हुए काफिले में वाहनों की संख्या काफी कम कर दी गई है।
दरअसल, 11 मई 2026 को वैश्विक ऊर्जा संकट और वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव के बीच पीएम मोदी ने देशवासियों से ईंधन संरक्षण की अपील की थी। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और विदेशी मुद्रा भंडार को सुरक्षित रखने पर जोर दिया था। पीएम की इसी अपील के बाद अब उनके अपने काफिले में भी कटौती देखने को मिली है।
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री के काफिले में पहले की तुलना में काफी कम वाहन चल रहे हैं। हालांकि सुरक्षा से जुड़े सभी जरूरी इंतजाम पहले की तरह बनाए रखे गए हैं। इस फैसले को प्रतीकात्मक और व्यावहारिक दोनों रूपों में अहम माना जा रहा है।
पीएम मोदी की पहल का असर केंद्र और राज्यों में भी दिखाई देने लगा है। केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah ने भी अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या आधे से ज्यादा कम कर दी है। कई राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायक भी ईंधन बचाने के लिए छोटे काफिलों के साथ यात्रा कर रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि छोटे काफिलों से जनता के बीच सकारात्मक संदेश जाएगा। इससे न केवल सरकारी खर्च में कमी आएगी, बल्कि ट्रैफिक दबाव भी घट सकता है। साथ ही पेट्रोल-डीजल की बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हाल ही में बिहार में भी कई मंत्री एक ही वाहन में कार्यक्रमों में पहुंचते दिखाई दिए थे। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में दूसरे राज्यों में भी इसी तरह की पहल देखने को मिल सकती है।



