टेबल के नीचे रिश्वत गिनता रहा पटवारी : किसान ने बना लिया VIDEO, वायरल होते ही SDM ने किया सस्पेंड

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक पटवारी का किसान से रिश्वत लेते वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पटवारी को निलंबित कर दिया है। मामला पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक की पसान तहसील के पिपरिया हल्के का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पिपरिया और सिर्री हल्के में पदस्थ पटवारी विनोद अग्रवाल पर जमीन के वन पट्टा को ऑनलाइन करने के लिए 5 हजार रुपए और फौती नामांतरण के लिए 10 हजार रुपए रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। किसान ने मजबूरी में पटवारी को पैसे दिए, लेकिन साथ ही उसका वीडियो भी बना लिया। वायरल वीडियो में पटवारी टेबल के नीचे नोट गिनता नजर आ रहा है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम मनोज कुमार बंजारे ने पटवारी विनोद अग्रवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
बताया जा रहा है कि प्रशासन अब पूरे मामले की जांच भी करवा रहा है। वहीं, रिश्वतखोरी के इस वीडियो के सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है और लोग भ्रष्ट कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



