NEET-UG परीक्षा अब 21 जून को : NTA ने जारी की नई तारीख, पेपर लीक के बाद बड़ा फैसला

रायपुर/दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET-UG 2026 परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी है। अब यह परीक्षा रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। इससे पहले परीक्षा को लेकर देशभर में उठे पेपर लीक विवाद के बाद इसे स्थगित कर दिया गया था।
सूत्रों के अनुसार, परीक्षा को लेकर हाल ही में केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय में उच्च स्तरीय बैठक हुई थी, जिसमें दोबारा परीक्षा कराने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई। इस बैठक में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, NTA के महानिदेशक, CBSE और अन्य संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल रहे।
पेपर लीक मामले के बाद देशभर में विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिले। कई छात्र संगठनों ने पारदर्शिता की मांग करते हुए जांच की अपील की थी। इसी बीच CBI ने मामले में अब तक कई लोगों की गिरफ्तारी की है और जांच तेज कर दी गई है।
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने भी कुछ आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेजा है, जबकि विभिन्न राज्यों से जुड़े संदिग्धों की गिरफ्तारी जारी है।
सरकार का कहना है कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराई जाएगी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।
नई तारीख की घोषणा के बाद अब लाखों अभ्यर्थियों को दोबारा तैयारी का समय मिल गया है।



