राष्ट्रीय
Trending

पेपर लीक के बाद NEET UG 2026 परीक्षा रद : सीबीआई करेगी जांच, दोबारा परीक्षा की तैयारी शुरू

नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने भारत सरकार की मंजूरी के बाद बड़ा फैसला लेते हुए 3 मई 2026 को आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा को रद कर दिया है। साथ ही इस पूरे मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है। परीक्षा दोबारा कराई जाएगी, जिसकी नई तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी।

परीक्षा रद करने का बड़ा फैसला

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि पेपर लीक और परीक्षा से जुड़े गंभीर अनियमितताओं के आरोपों के चलते यह निर्णय लिया गया है। राजस्थान और उत्तराखंड से परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना मिलने के बाद मामला गंभीर हो गया था।

CBI करेगी पूरे मामले की जांच

सरकार ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए CBI को जिम्मेदारी सौंपी है। एजेंसी अब यह पता लगाएगी कि पेपर लीक कैसे हुआ और इसके पीछे कौन-कौन शामिल है। एनटीए ने कहा है कि वह जांच एजेंसी को पूरा सहयोग देगा और सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराएगा।

छात्रों को मिलेगा पूरा पैसा वापस

एनटीए ने छात्रों को राहत देते हुए घोषणा की है कि दोबारा परीक्षा के लिए किसी नए रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। पहले से जमा की गई फीस छात्रों को पूरी तरह वापस की जाएगी।

3 मई को हुई थी परीक्षा

NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई को देशभर के निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद कुछ राज्यों से पेपर लीक और गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई थीं, जिसके बाद जांच शुरू की गई।

400 से ज्यादा प्रश्नों का संदिग्ध सेट मिला

जांच के दौरान राजस्थान पुलिस की SOG टीम को 400 से अधिक प्रश्नों का एक संदिग्ध सेट मिला। इनमें से 100 से ज्यादा प्रश्न बायोलॉजी और केमिस्ट्री के वास्तविक पेपर से मिलते-जुलते पाए गए। इसे लेकर परीक्षा प्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

कोचिंग सेंटर और नेटवर्क की भी जांच

सूत्रों के अनुसार, कई कोचिंग संस्थानों से जुड़े संदिग्ध वीडियो और प्रश्न पत्र के सेट भी सामने आए हैं। कुछ जगहों पर छापेमारी और पूछताछ भी की गई है, जिससे संगठित नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है।

NTA का बयान

एनटीए ने कहा है कि परीक्षा पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ कराई गई थी, लेकिन बाद में कुछ संदिग्ध इनपुट मिलने पर मामले को तुरंत जांच एजेंसियों को भेजा गया। संस्था ने दोहराया है कि वह पारदर्शिता के साथ जांच में पूरा सहयोग करेगी।

छात्रों में असमंजस

परीक्षा रद होने के बाद लाखों छात्रों में असमंजस की स्थिति है। अब सभी की नजरें नई परीक्षा तिथि और CBI जांच के नतीजों पर टिकी हैं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button