आज से नौतपा शुरू, रायपुर में पारा 45°C पहुंचा: अगले 4 दिन लू का कहर, रात में भी गर्म हवा से राहत नहीं

रायपुर, 25 मई 2026। छत्तीसगढ़ में नौतपा की शुरुआत के साथ ही भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजधानी रायपुर में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि पूरे प्रदेश में लू का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले 4 दिनों तक हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है। रात के समय भी गर्म हवा चलने से लोगों को राहत नहीं मिल रही।
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के मुताबिक, नौतपा के दौरान सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ता है। रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बलौदाबाजार, महासमुंद समेत कई जिलों में दोपहर के समय गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 4 दिनों तक तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। इसके बाद 1 से 3 डिग्री तक कमी आ सकती है।
रायपुर के लिए जारी लोकल फोरकास्ट में आसमान साफ रहने और दिनभर तेज धूप के साथ गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। शहर में न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
भीषण गर्मी का असर वन्यजीवों पर भी दिखाई दे रहा है। कोरबा जिले के पाली विकासखंड स्थित नौकोनिया तालाब किनारे हीटस्ट्रोक से करीब 200 चमगादड़ों की मौत हो गई। वन विभाग ने लू की वजह से उनकी मौत की पुष्टि की है। इलाके में तापमान 42 से 43 डिग्री के बीच बना हुआ है।
इधर, बिलासपुर में तापमान 44 डिग्री पहुंचने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप से बचने, ज्यादा पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी गई है। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर 87706-64365 और 75870-38622 भी जारी किए हैं।



