मरीजों को ‘तारीख पर तारीख’ : सरकारी कार्डियक इंस्टिट्यूट की दुर्दशा पर सांसद बृजमोहन ने उठाई आवाज

रायपुर, 5 मई 2025 राजधानी रायपुर स्थित मेकाहारा के एडवांस कार्डियक इंस्टिट्यूट में बंद पड़ी ओपन हार्ट और बायपास सर्जरी सेवाओं को लेकर अब मरीजों के सब्र का बांध टूट रहा है। इस संवेदनशील मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को पत्र लिखकर तत्काल सर्जरी सेवाएं बहाल करने की मांग की है।
सांसद ने पत्र में लिखा है कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश के एकमात्र शासकीय हृदय संस्थान में सर्जरी सेवाएं लंबे समय से ठप हैं, जिसके कारण गरीब और जरूरतमंद मरीज इलाज के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक लापरवाही के चलते अब तक मरीजों को केवल ‘तारीख पर तारीख’ दी जा रही है।
अग्रवाल ने बताया कि पहले भी कई मंचों, विशेषकर स्वशासी परिषद की बैठकों में इस मुद्दे को उठाया गया था, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने से हालात जस के तस हैं। उन्होंने कहा कि कई मरीज इलाज के अभाव में दम तोड़ रहे हैं और कुछ परिवार इलाज के लिए अपना सब कुछ बेचने को मजबूर हो रहे हैं।
सांसद ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस विषय पर वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर जल्द निर्णय लिया जाए, ताकि मेकाहारा स्थित कार्डियक इंस्टिट्यूट में सर्जरी सेवाएं बहाल हो सकें और प्रदेश की जनता को जीवनरक्षक उपचार मिल सके।



