छत्तीसगढ़

चलती कार, शैंपेन और रैंप वॉक: बिलासपुर हाईवे पर युवती की रील वायरल, ट्रैफिक पुलिस ने गाड़ी जब्त की

बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर सोशल मीडिया रील बनाने का खतरनाक जुनून फिर सामने आया है। एक युवती ने चलती कार के सामने रैंप वॉक किया, शैंपेन उड़ाई और कार की छत पर चढ़कर पोज दिए। वीडियो वायरल होते ही ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया।

मामला कोनी थाना क्षेत्र का है। वायरल वीडियो में युवती देर रात तुर्काडीह ओवरब्रिज के नीचे चलती कार के सामने स्टंट करती दिखाई दे रही है। कभी वह शैंपेन की बोतल खोलकर झाग उड़ाती नजर आई, तो कभी कार की छत पर चढ़कर रील शूट करती दिखी। इस दौरान हाईवे पर अन्य वाहन भी गुजर रहे थे।

वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार नंबर के आधार पर वाहन मालिक की पहचान कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 135 समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए आरटीओ को भी पत्र भेजने की तैयारी की जा रही है।

ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे ने कहा कि चलती गाड़ी में सनरूफ से बाहर निकलना, स्टंट करना और हाईवे पर इस तरह सेलिब्रेशन करना गंभीर हादसों को न्योता देता है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए यातायात नियमों की अनदेखी न करने की अपील की।

बिलासपुर में इससे पहले भी हाईवे पर स्टंटबाजी और रील्स बनाने के कई मामले सामने आ चुके हैं। कुछ महीने पहले चलती BMW की सनरूफ से युवती के डांस का वीडियो वायरल हुआ था, जबकि लग्जरी कारों का काफिला निकालकर सड़क जाम करने के मामलों में भी पुलिस कार्रवाई कर चुकी है।

हाईकोर्ट की सख्ती और लगातार कार्रवाई के बावजूद युवाओं में रील्स और स्टंट का क्रेज कम नहीं हो रहा है। पुलिस ने साफ कहा है कि सड़क को स्टंट का मंच बनाने वालों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button