छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ में दस्तक दे चुका है मानसून: रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, गर्मी से मिली राहत, बस्तर संभाग में तेज बारिश और आंधी का येलो अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लोगों को अब भीषण गर्मी से राहत मिलने का वक्त आ गया है, क्योंकि प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय हो चुका है। रविवार को राजधानी रायपुर समेत आसपास के इलाकों में जोरदार बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिली।

रायपुर में रविवार को दिनभर बादल छाए रहे और बारिश के चलते अधिकतम तापमान 35 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। अचानक मौसम के इस बदलाव ने लोगों को राहत की सांस दी है।

कई जिलों में हो सकती है भारी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मानसून ने प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर समेत बस्तर अंचल के जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

हालांकि राज्य में औसतन बारिश का आंकड़ा अब तक केवल 3.4 मिमी ही दर्ज हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें तेजी से बढ़ोतरी के आसार हैं। विभाग ने आने वाले 48 घंटे अहम बताए हैं, क्योंकि अगले चरण की बारिश पूरे प्रदेश को भिगो सकती है।

कृषि और जलस्तर दोनों के लिए शुभ संकेत

मानसून की यह शुरुआती बारिश किसानों के लिए राहतभरी खबर लेकर आई है। जलस्तर में वृद्धि और खेतों में नमी बढ़ने से खरीफ फसल की बुआई की तैयारी को गति मिलेगी। वहीं, आम जनता को उमस भरी गर्मी से राहत मिलना भी इस मौसम बदलाव का सकारात्मक पहलू है।

प्रदेशवासियों को सलाह दी गई है कि मौसम के मिजाज को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतें और मौसम विभाग के ताज़ा अपडेट्स पर ध्यान रखें।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button