धरसींवा में सुशासन तिहार बना जनविश्वास का पर्व: विधायक अनुज शर्मा ने ग्रामीणों को बांटी ऋण पुस्तिका, आइस बॉक्स और पट्टे, समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

धरसींवा, 7 मई। “जन-जन का सरोकार, यही है सुशासन तिहार” के संकल्प को लेकर छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार का तीसरा चरण तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में धरसींवा विधानसभा के ग्राम परसतराई और रायखेड़ा में जनसमस्याओं के समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं के वितरण हेतु भव्य समाधान शिविरों का आयोजन किया गया।
धरसींवा विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा ने इन शिविरों में सहभागिता करते हुए किसानों को ऋण पुस्तिका, मछली पालकों को फुटकर मत्स्य विक्रय हेतु आइस बॉक्स, और पात्र ग्रामीणों को जमीन के मालिकाना हक के लिए पट्टों का वितरण किया। उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित निदान के निर्देश दिए।
अनुज शर्मा ने कहा कि “हमारी सरकार जनता की आवाज को सुनने, समझने और उस पर त्वरित कार्यवाही करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है।” उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के माध्यम से मुख्यमंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अमला खुद गांव-गांव जाकर लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रहे हैं।
इस अवसर पर रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, उपाध्यक्ष संदीप यदु समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।



