अपराधछत्तीसगढ़
Trending

12वीं हिंदी पेपर लीक का मास्टरमाइंड गिरफ्तार: 3 हजार में बेचता था प्रश्नपत्र, बिलासपुर से दबोचा गया आरोपी

रायपुर, 11 मई 2026/ छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं हिंदी परीक्षा पेपर लीक मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी वेणु उर्फ वेणु जंघेल को रायपुर क्राइम ब्रांच और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर छात्रों को पैसे लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का आरोप है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी छात्रों से करीब 3000 रुपए लेकर 12वीं हिंदी का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराता था। मामला सामने आने के बाद वह लगातार फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल चैट, सोशल मीडिया एक्टिविटी और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिटाने की कोशिश कर रहा था।

जानकारी के मुताबिक, माध्यमिक शिक्षा मंडल छत्तीसगढ़ की 12वीं हिंदी परीक्षा का पेपर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित की गई थी।

साइबर तकनीक की मदद से पुलिस ने डिलीटेड डेटा, मोबाइल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियों और फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन की जांच की। करीब 50 से ज्यादा छात्रों और अन्य लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची।

आरोपी बेमेतरा जिले के ग्राम बरसरा का निवासी है और रायपुर के गोकुल नगर इलाके में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 5000 रुपए का इनाम भी घोषित किया था।

तकनीकी निगरानी, डिजिटल ट्रैकिंग और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार किया। चार दिन की रिमांड के दौरान आरोपी ने पेपर लीक नेटवर्क, प्रश्नपत्र वायरल करने के तरीके और आर्थिक लेन-देन से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं।

फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच जारी है और आगे भी कई गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button