
रायपुर, 27 अप्रैल 2026| खम्हारडीह इलाके में बड़ा फ्रॉड सामने आया है, जहां एक कंस्ट्रक्शन कारोबारी के 50 लाख रुपये लेकर उसका ही भरोसेमंद ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, कारोबारी उमेश अग्रवाल ने 24 अप्रैल को अपने अकाउंटेंट भूपेंद्र देवांगन को बैंक में 50 लाख रुपये जमा करने के लिए भेजा था। उनके साथ ड्राइवर कृष्णा साहू भी कार में मौजूद था।
बैंक बंद होने के कारण दोनों लौट रहे थे, तभी गीतांजलि नगर के पास ड्राइवर ने अकाउंटेंट को गुटखा लाने के बहाने कार से नीचे उतार दिया। इसी मौके का फायदा उठाकर वह 50 लाख रुपये लेकर फरार हो गया।
घटना इतनी तेजी से हुई कि अकाउंटेंट कुछ समझ ही नहीं पाया।
1 साल से काम कर रहा था ड्राइवर
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कृष्णा साहू पिछले एक साल से कारोबारी के यहां ड्राइवर था और उसने धीरे-धीरे मालिक का भरोसा जीत लिया था।
कर्ज का शक, पुलिस कर रही जांच
सूत्रों के अनुसार आरोपी पर कर्ज का बोझ होने की आशंका है, हालांकि पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। आरोपी अपने घर भी नहीं पहुंचा है और फरार है।
पुलिस की दबिश जारी
धमतरी समेत कई जगहों पर पुलिस ने दबिश दी है लेकिन अब तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



