माता-पिता को खोने के बाद भी नहीं टूटा हौसला: रायपुर नर्सिंग कॉलेज पहुंची कुसुम, भावना बोहरा ने कहा—‘अब सपनों को मिलेगी नई उड़ान’

पंडरिया, 07 जुलाई 2026। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के वनांचल ग्राम सेमरहा की बेटी कुसुम के जीवन में एक नई शुरुआत हुई है। सड़क हादसे में अपने माता-पिता को खोने के बाद कठिन परिस्थितियों से जूझ रही कुसुम का रायपुर के एक नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश कराया गया। इस अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि अब कुसुम अपनी पढ़ाई पूरी कर अपने सपनों को साकार करेगी और आत्मनिर्भर बनकर उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होगी।
विधायक भावना बोहरा ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 बच्चों ने अपने अभिभावकों को खो दिया था। कुसुम भी उन्हीं बच्चों में शामिल है। इतनी बड़ी त्रासदी के बावजूद उसने हार नहीं मानी और विपरीत परिस्थितियों का डटकर सामना करते हुए अपनी पढ़ाई जारी रखने तथा भविष्य संवारने का संकल्प बनाए रखा।

उन्होंने कहा कि कुसुम की शिक्षा और उसके उज्ज्वल भविष्य की राह में सहयोग कर पाना उनके लिए आत्मिक संतोष का विषय है। कुसुम की मेहनत, लगन और संघर्ष अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कुसुम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह उच्च शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बने और अपने परिवार, क्षेत्र तथा प्रदेश का नाम रोशन करे।
विधायक ने कहा कि जीवन में परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, यदि हौसला और शिक्षा साथ हों तो हर चुनौती का सामना किया जा सकता है। कुसुम जैसी बेटियों को अवसर देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना समाज और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि कुसुम अपने संघर्ष और मेहनत के बल पर सफलता की नई मिसाल कायम करेगी।



