छत्तीसगढ़

कोटा को मिला उच्च शिक्षा का उपहार: शीतला तालाब परिसर में बनेगा नया सरकारी कॉलेज, मूणत बोले—अब कोई छात्र शिक्षा से नहीं रहेगा वंचित

रायपुर, 03 मई 2025: छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक पहल करते हुए रायपुर पश्चिम विधानसभा के कोटा क्षेत्र में शासकीय नवीन महाविद्यालय की स्थापना हेतु शिलान्यास समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शीतला तालाब स्थित बड़े सामुदायिक भवन में सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेश मूणत उपस्थित थे। उनके साथ महापौर मीनल चौबे, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़, दीपक जायसवाल, प्रीतम ठाकुर सहित भाजपा के अन्य वरिष्ठ व कनिष्ठ कार्यकर्ता तथा स्थानीय नागरिकगण कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

अपने संबोधन में राजेश मूणत ने कहा:
“कोटा ही नहीं, पूरे रायपुर पश्चिम विधानसभा में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, जलनिकासी और युवाओं के कौशल विकास जैसे अनेक क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन लाया जा रहा है। भाजपा की डबल नहीं, अब ट्रिपल इंजन की सरकार — केंद्र, राज्य और स्थानीय निकाय — जनता की आकांक्षाओं को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।”

उन्होंने आगे कहा:
“यह नवीन महाविद्यालय न केवल युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के अवसर खोलेगा, बल्कि कोटा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी सशक्त बनाएगा। भाजपा सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी छात्र संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रह जाए। हमारा प्रयास रहेगा कि महाविद्यालय का भवन एक वर्ष के भीतर बनकर तैयार हो जाए, ताकि विद्यार्थियों को अपने स्वयं के भवन में अध्ययन करने का गौरव मिल सके।”

महापौर मीनल चौबे ने कहा:
“रायपुर की भावी पीढ़ी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके, इसके लिए यह महाविद्यालय एक महत्वपूर्ण पहल है। शहर का हर कोना, हर बच्चा शिक्षा से जुड़े — यही हमारी प्राथमिकता है। नगर निगम की ओर से हम हर आवश्यक सहयोग देने को तैयार हैं।”

नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा:
“कोटा में महाविद्यालय की शुरुआत न केवल शैक्षणिक विकास का प्रतीक है, बल्कि यह सामाजिक समरसता और समान अवसरों की दिशा में एक सशक्त कदम भी है। इससे स्थानीय युवाओं के भविष्य को नई दिशा मिलेगी।”

यह उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 में राजेश मूणत द्वारा इस महाविद्यालय की शुरुआत कराई गई थी, परंतु उसके पश्चात् पांच वर्षों तक भवन निर्माण नहीं हो पाया। वर्ष 2024 में उन्होंने इसके लिए बजट स्वीकृत कराया, उच्च शिक्षा विभाग को जमीन का अग्रिम आधिपत्य दिलाया और अब इसका भूमि पूजन सम्पन्न किया।

कार्यक्रम के अंत में स्थानीय नागरिकों ने इस पहल के लिए शासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे शिक्षा एवं विकास की दिशा में एक मील का पत्थर बताया।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button