छत्तीसगढ़

छाता-रेनकोट रखिए तैयार! पूरे CG में मानसून का जोरदार असर, 14 जिलों में बिजली-गरज के साथ भारी बारिश की चेतावनी

रायपुर, 1 जुलाई 2026। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अब पूरे छत्तीसगढ़ को कवर कर लिया है। मौसम विभाग के अनुसार आज से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। अगले सात दिनों तक कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं 14 जिलों के लिए बारिश, तेज हवा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

रायपुर में बादल, बारिश और तेज हवा के संकेत

राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने दिनभर हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

3 जुलाई से और मजबूत होगा सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर 1.5 से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से 3 जुलाई के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से रायपुर सहित मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है।

इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक कुसमी में 9 सेमी और पखांजूर में 7 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा चंद्रपुर, मर्दापाल, गिधौरी और टुंड्रा में 5-5 सेमी, शिवरीनारायण, कोटा और दंतेवाड़ा में 4-4 सेमी तथा पौड़ी उपरोड़ा, गीदम, सामरी और दोरनापाल में 3-3 सेमी बारिश दर्ज की गई।

14 जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए बलरामपुर, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, कांकेर, कोंडागांव, कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, मुंगेली, नारायणपुर, रायगढ़, सूरजपुर और सरगुजा जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button