छत्तीसगढ़
Trending

समाधान शिविर में विधायक भावना बोहरा ने सुनीं जनसमस्याएं : अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

पंडरिया। सुशासन तिहार-2026 के तहत पंडरिया नगर में आयोजित समाधान शिविर में विधायक भावना बोहरा ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कार्यक्रम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

शिविर के दौरान विधायक भावना बोहरा ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों से मुलाकात कर उनके अनुभव जाने और प्रशस्ति पत्र व योजनाओं से संबंधित सामग्री का वितरण किया। साथ ही विभागीय एवं स्वसहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।

भावना बोहरा ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन सीधे जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने दावा किया कि पंडरिया विधानसभा में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, आवास और अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। क्षेत्र में 1000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य, 35 हजार पीएम आवास, 1.25 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ तथा 500 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण कराया गया है।

विधायक ने कहा कि वनांचल क्षेत्रों में भी सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में हजारों पक्के आवास स्वीकृत किए गए हैं और दूरस्थ गांवों तक नल-जलविद्युत सुविधा पहुंचाई गई है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन-प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत हो। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मंजुला देवी कुर्रे, उपाध्यक्ष सुमित तिवारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button