सीतागांव में पेड़ की छांव में चौपाल लगाकर बैठे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, ग्रामीणों से लिया योजनाओं का फीडबैक, समाधान शिविर में भी हुए शामिल – सुशासन तिहार के तीसरे चरण में अचानक पहुंचे सीमावर्ती गांव

अंबागढ़ चौकी। छत्तीसगढ़ सरकार के सुशासन तिहार अभियान का तीसरा चरण जोर-शोर से जारी है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मानपुर ब्लॉक के सीमावर्ती गांव सीतागांव का औचक दौरा किया। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर आज सुबह महाराष्ट्र सीमा से सटे इस ग्रामीण इलाके में उतरा, जहां अधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने गुलाब फूल भेंटकर उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने पेड़ की छांव में ग्रामीण चौपाल लगाई और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन पर सीधा फीडबैक लिया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री का यह दौरा ‘सुशासन तिहार’ के तीसरे चरण के तहत हो रहा है, जिसकी शुरुआत 5 मई से हुई थी। इस चरण में मुख्यमंत्री 31 मई तक बिना पूर्व सूचना के विभिन्न जिलों और गांवों का दौरा करेंगे। दौरे को पूरी तरह गोपनीय रखा गया है, जिससे जमीनी हकीकत का आकलन बिना किसी पूर्व तैयारी के किया जा सके।
मुख्यमंत्री साय ने ग्रामीणों से योजनाओं की प्रभावशीलता, समस्याओं और प्रशासनिक कार्यों की जानकारी ली। समाधान शिविर में भी वे शामिल हुए और मौके पर ही कई समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।
सरकार का यह विशेष अभियान सीधे संवाद, योजनाओं की समीक्षा और स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



