छत्तीसगढ़
Trending

जशपुर में दोस्त को बोला- लड़ने का मन है, फिर चाकू घोंपा: कुछ देर बाद नाबालिग को पीट-पीटकर मार डाला

जशपुर, 20 मई 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक युवक ने महज एक घंटे के भीतर दो सनसनीखेज वारदातों को अंजाम दे दिया। आरोपी ने पहले अपने दोस्त को शराब पिलाने के बहाने सुनसान इलाके में बुलाया और अचानक चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद रास्ते में मिले एक नाबालिग लड़के को बिना किसी वजह बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मामला सिटी कोतवाली जशपुर थाना क्षेत्र के कोमडो और भागलपुर बरटोली गांव का है। जानकारी के मुताबिक 17 मई 2026 की दोपहर आरोपी सचिन राम (20) ने अपने दोस्त सूरज रजक (22) को शराब पीने के बहाने बाइक में बैठाकर ग्राम कोमडो ले गया। मंदिर के पास पहुंचते ही उसने अचानक कहा- “मेरा लड़ने का मन कर रहा है, चलो लड़ते हैं।” इसके बाद आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए चाकू निकालकर सूरज की पीठ और माथे पर हमला कर दिया।

सूरज ने बचाव में आरोपी से चाकू छीनने की कोशिश की, जिससे चाकू आधा टूट गया। किसी तरह वह जान बचाकर पास के मंदिर में छिप गया। घायल हालत में बाद में उसका इलाज कराया गया।

इसी वारदात के कुछ देर बाद आरोपी भागलपुर बरटोली पहुंचा, जहां उसने 15 वर्षीय कृष्णा भगत को रास्ते में रोक लिया। आरोपी ने किशोर को जमीन पर पटककर हाथ, मुक्के और लात से बेरहमी से पीटा। हमले में किशोर के गले, चेहरे और कनपटी पर गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, वहीं घायल युवक का मेडिकल परीक्षण कराया गया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भागलपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी सचिन राम को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पूछताछ में आरोपी ने दोनों घटनाओं को कबूल कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 109(1), 296, 351(2) और 118(1) के तहत मामला दर्ज किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि हत्या और चाकूबाजी जैसे गंभीर मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button