
बिलासपुर, 18 मई 2026 । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बाइक धीरे चलाने की समझाइश देना दो युवकों को भारी पड़ गया। नाराज बदमाशों ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवकों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र की है, जिसका CCTV वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पचपेड़ी निवासी प्रभाकर मार्शल चौकसे कॉलेज में बी-फार्मेसी का छात्र है। रविवार को वह अपने रिश्तेदार के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गांव गया था। दोपहर करीब 12:30 बजे प्रभाकर अपने साथी निमेश राय और दिलेश्वर मार्शल के साथ बाइक से समाज की महिलाओं को नहाने के कार्यक्रम की सूचना देने निकला था। इस दौरान उनके हाथ में लाउड स्पीकर भी था।
बताया जा रहा है कि पेट्रोल पंप के पास सामने से तेज रफ्तार बाइक सवार बादल जांगड़े ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद युवकों ने बादल को बाइक धीरे चलाने की समझाइश दी। इसी बात से नाराज होकर वह गाली-गलौज करने लगा और बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी।
कुछ देर बाद आरोपी अपने साथियों विक्की जांगड़े और विकास मार्शल के साथ वापस पहुंचा। तीनों ने मिलकर युवकों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इसके बाद सरोज जांगड़े समेत अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर युवकों को घेरकर बेरहमी से पीटा।
हमले से बचने के लिए एक युवक भागकर पेट्रोल पंप के ऑफिस में घुस गया और दरवाजा बंद कर लिया, लेकिन हमलावर वहां भी पीछे-पीछे पहुंच गए। आरोपियों ने ऑफिस के अंदर घुसकर भी डंडों से हमला किया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
मारपीट में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस के जरिए इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक युवक के सिर पर गहरी चोट आई है।
घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक युवक जान बचाने के लिए पेट्रोल पंप ऑफिस में घुसता दिखाई दे रहा है, लेकिन आरोपी वहां भी घुसकर हमला करते हैं।
पचपेड़ी थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बाइक धीरे चलाने की बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। फिलहाल आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।



