बलौदाबाजार में खौफनाक हादसा : दो ट्रक भिड़े, वैन चपेट में आई–जिंदा जल गया चालक, 5 घायल

बलौदाबाजार। जिले के पलारी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद पीछे से आ रही वैन सीधे एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन और ट्रक दोनों में आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में वैन चालक सेवक साहू जिंदा जल गया, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और वैन में फंसे तीन लोगों को किसी तरह बाहर निकाला गया। लेकिन चालक सेवक साहू गाड़ी के भीतर ही फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। वैन में सवार मोहन भारद्वाज और दो अन्य घायल हो गए, जबकि ट्रेलर चालक को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, मोहन भारद्वाज अपने परिवार के साथ इलाज कराकर वापस गांव गोड़ा लौट रहे थे। गांव से कुछ दूरी पर यह हादसा हो गया।
हादसे की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रशासन की ओर से तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
गौरतलब है कि कुछ माह पहले भी इसी स्थान पर एक टैंकर और ट्रक की टक्कर में चार लोग जिंदा जल गए थे। फिलहाल पलारी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



