छत्तीसगढ़ के दो और बड़े शहरों में कमिश्नरेट सिस्टम की तैयारी: गृह मंत्री विजय शर्मा ने दिए संकेत

रायपुर, 20 मई 2026। छत्तीसगढ़ में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अब रायपुर के बाद दुर्ग और बिलासपुर में भी कमिश्नरेट प्रणाली लागू करने की तैयारी शुरू हो गई है। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य में लंबे समय से इसकी जरूरत महसूस की जा रही थी और अब इसका विस्तार आवश्यक हो गया है।
मीडिया से चर्चा के दौरान विजय शर्मा ने कहा कि छोटे-छोटे मामलों में अलग-अलग विभागों के कारण काम लंबित हो जाते थे। कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने से प्रशासनिक फैसलों में तेजी आएगी और कानून व्यवस्था को बेहतर तरीके से संभाला जा सकेगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल रायपुर में यह व्यवस्था लागू है और जरूरत के अनुसार इसे दुर्ग और बिलासपुर तक बढ़ाने की योजना है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आग्रह किया जाएगा, ताकि दोनों शहरों में भी जल्द कमिश्नर प्रणाली लागू की जा सके।
सरकार का मानना है कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण और अपराध नियंत्रण की चुनौतियों को देखते हुए बड़े शहरों में कमिश्नरेट सिस्टम प्रभावी साबित होगा। इससे पुलिस प्रशासन को अधिक अधिकार मिलेंगे और आम लोगों को त्वरित सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।



