
रायपुर, 28 मई 2026। राजधानी रायपुर में 15 साल के मासूम को कुचलकर फरार होने वाले टैंकर चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के बाद आरोपी खुद को बचाने के लिए टैंकर की नंबर प्लेट पर पेंट पोतकर पहचान छिपाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस जांच में उसकी चालाकी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा 26 मई को सड्डू स्कूल के पास हुआ था। तेज रफ्तार पानी के टैंकर ने एलआईजी सेक्टर-01, सड्डू निवासी 15 वर्षीय बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक टैंकर लेकर मौके से फरार हो गया था।
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला। वहीं पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने टैंकर की नंबर प्लेट पर पेंट पोत दिया था, ताकि वाहन की पहचान न हो सके और वह गिरफ्तारी से बच जाए।
हालांकि, पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक को पकड़ लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
इस हादसे के बाद एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह भारी वाहनों की आवाजाही पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्कूल और रिहायशी इलाकों में भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।



