रायपुर में सुबह से झमाझम बारिश, 4 दिन अंधड़-बारिश का अलर्ट; 17 मई से छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हीटवेव शुरू

रायपुर, 15 मई 2026// छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह से ही झमाझम बारिश का दौर जारी है। आसमान में काले बादल छाए रहे, वहीं कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम में अचानक आए बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, लेकिन मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक, तेज अंधड़ और बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 17 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है। अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेन्ड्रा रोड में 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
बलौदाबाजार जिले के पलारी स्थित बाल समुद्र तालाब में तेज हवाओं के कारण ऊंची लहरें उठती नजर आईं। मौसम का बदला हुआ मिजाज देखने बड़ी संख्या में लोग तालाब किनारे पहुंचे। कई लोग तूफानी हवाओं और बारिश के बीच सेल्फी लेते दिखाई दिए।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।



