छत्तीसगढ़

अवैध शराब पर ढिलाई पड़ी भारी: गोबरा नवापारा TI सस्पेंड, आरोपी से एकांत में बातचीत पर भी उठे सवाल

अभनपुर, 30 मई 2026। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोबरा नवापारा थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पाने और कार्रवाई के दौरान संदिग्ध आचरण प्रदर्शित करने के आरोप लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, गोबरा नवापारा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिंह द्वारा कार्रवाई और नियंत्रण के निर्देश दिए जाने के बावजूद अवैध कारोबार जारी रहा।

मामला तब गंभीर हो गया जब 29 मई को ACCU रायपुर देहात टीम ने लल्ला सोनवानी के ठिकाने पर छापेमारी कर अवैध शराब बिक्री का खुलासा किया। कार्रवाई की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल मौके पर पहुंचे, लेकिन उन पर आरोपी से एकांत में बातचीत करने और संदिग्ध संवेदनशीलता दिखाने के आरोप लगे।

पुलिस अधीक्षक ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए कहा कि थाना प्रभारी अपने दायित्वों के निर्वहन में असफल रहे हैं। इसी आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय रायपुर (ग्रामीण) से संबद्ध कर दिया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान निरीक्षक दीपेश जायसवाल को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस प्रशासन के सख्त रुख के रूप में देखा जा रहा है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button