2 दिन और झुलसाएगी गर्मी: सेंट्रल छत्तीसगढ़ में लू का अलर्ट, 44° के पार पारा; फिर मिलेगी राहत, बारिश के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का दौर जारी है और सेंट्रल हिस्से में अगले 2 दिनों तक लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। राजनांदगांव में तापमान 44.5°C तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 3 डिग्री तक गिरावट की संभावना है।
सोमवार शाम बिलासपुर और मुंगेली में तेज आंधी के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली। वहीं आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज बदल सकता है। उत्तर प्रदेश से पश्चिम बंगाल तक बनी ट्रफ लाइन के असर से कई इलाकों में गरज-चमक, हल्की बारिश और 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
राजधानी रायपुर में भी दोपहर या शाम तक बादल छा सकते हैं। यहां अधिकतम तापमान करीब 43°C और न्यूनतम 30°C रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने बिजली गिरने और गर्म रात (वार्म नाइट) की स्थिति को लेकर भी चेतावनी दी है। रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलने की संभावना जताई गई है।
क्या है हीट वेव?
मैदानी इलाकों में जब तापमान 40°C या उससे अधिक हो जाए, या सामान्य से 4.5°C से ज्यादा बढ़ जाए, तो लू (हीट वेव) की स्थिति मानी जाती है। 45°C के पार पहुंचने पर इसका असर और खतरनाक हो जाता है।
बचाव के लिए सलाह
- दोपहर में बाहर निकलने से बचें
- ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं
- धूप में निकलते समय सिर और शरीर को ढककर रखें
फिलहाल लोगों को अगले 2 दिन तक गर्मी और लू से सावधान रहने की जरूरत है, लेकिन सप्ताह के आगे बढ़ने के साथ राहत मिलने की उम्मीद है।



