कटहल-गुलमोहर की छांव में मुख्यमंत्री की चौपाल : खाट पर बैठकर सुनी समस्याएं, सरोधी में विकास घोषणाओं की झड़ी

रायपुर, 4 मई 2026/ सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के विकासखंड छुईखदान के ग्राम सरोधी पहुंचे, जहां उन्हें अपने बीच पाकर ग्रामीणों में उत्साह, आत्मीयता और अपनापन का अनोखा दृश्य देखने को मिला। मुख्यमंत्री के आगमन से गांव में खुशी की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण उनसे मिलने उमड़ पड़े।
गांव की महिला स्वसहायता समूह की महिलाओं ने महुआ, चार, आम और रखियां भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया, वहीं स्कूली बच्चों ने अपने हाथों से तैयार गुलमोहर और कनेर के फूलों के गुलदस्ते भेंट कर अपनी खुशी और सम्मान व्यक्त किया। यह स्वागत ग्रामीण संस्कृति और सादगी की जीवंत झलक बन गया।
ग्राम सरोधी के पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में कटहल और गुलमोहर के पेड़ों की छांव तले मुख्यमंत्री ने खाट पर बैठकर चौपाल लगाई और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस सहज और आत्मीय वातावरण में उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार जनता के बीच पहुंचकर सुख-दुख जानने और योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को समझने आई है। यह अभियान 1 मई से 10 जून तक चलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार सरकार की जवाबदेही और पारदर्शिता का प्रतीक है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचे। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी समस्याओं का समाधान शिविरों के माध्यम से प्रभावी रूप से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सरकार को अभी 28 माह हुए हैं, लेकिन मोदी की गारंटी के तहत अधिकांश वादों को पूरा किया जा चुका है। प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है और दो वर्षों का बकाया बोनस भी दिया गया है।
इसके अलावा तेंदूपत्ता संग्रहण दर 4000 रुपये से बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा कर दी गई है, जिससे वनांचल क्षेत्र की आय में वृद्धि होगी। साथ ही रामलला दर्शन योजना और तीर्थ यात्रा दर्शन योजना के माध्यम से लोगों को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर दिया जा रहा है।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से किया जाए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्राम सरोधी एवं आसपास के क्षेत्रों के लिए कई विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें राशन पीडीएस दुकान, नवीन ग्राम पंचायत भवन, पूर्व माध्यमिक शाला भवन निर्माण शामिल हैं। साथ ही गंडई से बकरकट्टा मार्ग का चौड़ीकरण, तेन्दूभाठा से जोम ओटेबंध तक सड़क निर्माण, साल्हेवारा-पंडरापानी मार्ग पर मगुरदा नाला पुल निर्माण, पीएचसी बकरकट्टा में 108 एम्बुलेंस तैनाती, बकरकट्टा से नवागांव सड़क नवीनीकरण तथा 33 केवी सब स्टेशन की स्वीकृति शामिल है।
इस दौरान प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।



