अपराधछत्तीसगढ़रायपुर
Trending

आधा नोट दिखाकर 35 लाख की हवाला ठगी : रायपुर में प्लाईवुड कर्मचारी को चकमा देकर गिरोह फरार, जांच में IT भी शामिल

रायपुर, 14 अप्रैल 2026/ राजधानी रायपुर में हवाला रकम के लेन-देन के दौरान एक बड़ी 35 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने “आधा नोट ट्रिक” का इस्तेमाल कर प्लाईवुड कंपनी के कर्मचारी को चकमा देकर पूरी रकम लेकर फरार हो गए। घटना के बाद शहर में हड़कंप मच गया है और पुलिस के साथ-साथ आयकर विभाग (IT) भी जांच में जुट गया है।

जानकारी के अनुसार, मुंबई निवासी करण शर्मा एक प्लाईवुड कंपनी में कर्मचारी है। वह अपने मालिक के निर्देश पर 11 अप्रैल को रायपुर आया था। उसे एक हवाला डील के तहत 35 लाख रुपए एक व्यापारी से लेना था और आगे दूसरे व्यक्ति को पहुंचाना था।

पहले चरण में एक व्यक्ति ने करण को आधा नोट दिखाकर सीरियल नंबर मिलाया और भरोसा जीतकर 35 लाख रुपए ले लिए। इसके बाद उसे कहा गया कि यह रकम दूसरे व्यापारी को देनी है।

कुछ ही देर बाद उसे वीआईपी तिराहा स्थित श्रीराम मंदिर के पास बुलाया गया, जहां दूसरे व्यक्ति ने भी आधा नोट दिखाकर मिलान कराया और पूरी रकम ले ली।

जब करण ने उस नोट की फोटो अपने मालिक को भेजी, तब पता चला कि नोट का सीरियल नंबर फर्जी है और यह असली लेन-देन से मेल नहीं खाता। इसके बाद उसे समझ आया कि वह ठगी का शिकार हो चुका है।

पीड़ित की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और एक संदिग्ध की पहचान भी हुई है। मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।

मामले में हवाला कनेक्शन सामने आने के बाद आयकर विभाग ने भी जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, रायपुर में रोजाना करीब 30 करोड़ रुपए का हवाला कारोबार होने की बात सामने आ रही है।

रायपुर में इससे पहले भी हवाला नेटवर्क से जुड़े मामलों में लाखों रुपए कैश जब्त किया जा चुका है। पुलिस और एजेंसियां लगातार इस नेटवर्क की जांच में जुटी हैं।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button