सीजी बोर्ड में प्रयास विद्यालयों का शानदार प्रदर्शन, 13 विद्यार्थी टॉप-10 में, दीपांशी बनीं प्रदेश की द्वितीय टॉपर

रायपुर, 30 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के आदिम जाति, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग द्वारा संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों ने इस वर्ष सीजी बोर्ड परीक्षा 2026 में अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। सीमित संसाधनों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद इन विद्यालयों के विद्यार्थियों ने न केवल 100 प्रतिशत परिणाम हासिल किया, बल्कि प्रदेश के बड़े निजी स्कूलों को भी कड़ी टक्कर दी है।
इस वर्ष 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रयास विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 13 विद्यार्थियों को टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान दिलाया है। यह उपलब्धि राज्य की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।
दीपांशी बनी प्रदेश की टॉपर सूची में दूसरी रैंक होल्डर
कक्षा 10वीं में प्रयास विद्यालय की छात्रा दीपांशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 98.83 प्रतिशत अंक प्राप्त किए और पूरे प्रदेश में द्वितीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा कई विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
12वीं में भी शानदार प्रदर्शन
कक्षा 12वीं की परीक्षा में भी प्रयास विद्यालयों के कुल 128 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। रायपुर स्थित गुडियारी प्रयास आवासीय विद्यालय की 19 छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कोरबा जिले की छात्रा रागिनी कंवर ने 95 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। जीव विज्ञान विषय में दो छात्राओं ने 100 में 100 अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि दर्ज की।
10वीं में भी रिकॉर्ड प्रदर्शन
कक्षा 10वीं में कुल 119 छात्राओं में से 48 छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। गणित विषय में 6 विद्यार्थियों ने शत-प्रतिशत अंक हासिल कर विषय में अपनी मजबूत पकड़ साबित की।
अनुसूचित जाति वर्ग के प्रयास विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी 97.5 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप-10 सूची में स्थान बनाया।
50 मेरिट छात्रों में 13 प्रयास विद्यालय के
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि इस वर्ष सीजी बोर्ड की 50 मेरिट सूची में 13 विद्यार्थी प्रयास विद्यालयों से हैं, जो विभागीय प्रयासों की बड़ी सफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षा की गुणवत्ता और सही दिशा का परिणाम है।
सरकार और मंत्रियों ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस शानदार उपलब्धि पर विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम प्रयास विद्यालयों की अवधारणा की सफलता को प्रमाणित करता है।
आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, पिछड़ा वर्ग एवं अल्प कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी विद्यार्थियों और शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।
निःशुल्क शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी का मॉडल
प्रदेश में संचालित कुल 17 प्रयास विद्यालयों में नक्सल प्रभावित और विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों को पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा दी जाती है। इसके साथ ही उन्हें IIT, NEET, JEE और अन्य राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाती है।
शिक्षा का प्रेरणादायक मॉडल बना प्रयास विद्यालय
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने कहा कि यह सफलता दर्शाती है कि सही मार्गदर्शन, समर्पण और अवसर मिलने पर प्रतिभा किसी भी परिस्थिति को पार कर सकती है। प्रयास विद्यालय अब शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रेरणादायक मॉडल के रूप में उभर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी दोनों परीक्षाओं में प्रयास विद्यालयों का प्रदर्शन यह साबित करता है कि छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उसे सही मंच देने की आवश्यकता है।



