इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में राज्यपाल और पद्मश्री अनुज शर्मा ने किया हरित योग का संदेश, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में हुआ वृक्षारोपण

रायपुर, 21 जून 2025 —
“हर सुबह कुछ क्षण निकालो, योग से जीवन को संवारो”— इसी संदेश के साथ राजधानी रायपुर में आज 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन हुआ। यह कार्यक्रम इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडपम में आयोजित किया गया, जिसमें राज्यपाल रमेन डेका एवं पद्मश्री विधायक अनुज शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राज्यपाल डेका ने औषधीय पौधों का रोपण कर ‘हरित योग’ का महत्व रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि, “जैसे योग शरीर और मन को पोषण देता है, वैसे ही वृक्षारोपण पृथ्वी को संजीवनी देता है। हरित योग का उद्देश्य योग को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है। यह शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक ऊर्जा को एकत्रित कर सकारात्मक चिंतन की ओर प्रेरित करता है।”

वहीं, विधायक अनुज शर्मा ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य देन बताते हुए कहा कि योग न केवल स्वास्थ्य का आधार है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का भी माध्यम बन सकता है। उन्होंने कहा, “हरित योग एक अभिनव पहल है, जो समुदाय को एकजुट कर पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को जाग्रत करता है। आज की सुविधाजनक जीवनशैली में योग हमें स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाता है और जीवन में संतुलन लाने में सहायक होता है।”


उन्होंने सभी से अपील की कि योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करें और स्वस्थ, सक्रिय एवं सकारात्मक जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।
कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, विधायक अनुज शर्मा के अलावा सांसद सुनील सोनी, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता पुरंदर मिश्रा, विश्वविद्यालय के अधिकारीगण, छात्र, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में योग प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पौधरोपण में भाग लेकर पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लिया।



