तमिलनाडु में सरकार गठन अटका, विजय को फिर झटका; गवर्नर बोले- पहले 118 विधायकों का समर्थन दिखाइए

चेन्नई, 07 मई 2026। तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। TVK प्रमुख Vijay ने दूसरी बार राज्यपाल Rajendra Vishwanath Arlekar से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया, लेकिन स्पष्ट बहुमत नहीं होने पर उन्हें फिर इंतजार करने को कहा गया। राज्यपाल ने साफ कर दिया कि शपथ से पहले 118 विधायकों का समर्थन पत्र जरूरी होगा।
234 सदस्यीय विधानसभा में TVK के पास 108 सीटें हैं। विजय खुद दो सीटों से चुनाव जीते हैं, ऐसे में एक सीट छोड़ने के बाद पार्टी की संख्या 107 रह जाएगी। कांग्रेस के 5 विधायकों का समर्थन मिलने के बावजूद आंकड़ा 113 तक ही पहुंच पाया है। बहुमत के लिए अभी भी 5 विधायकों की जरूरत है।
सूत्रों के मुताबिक विजय ने राज्यपाल से बहुमत साबित करने के लिए कुछ समय मांगा है। राज्यपाल का मानना है कि बिना स्थायी बहुमत के सरकार गठन से राजनीतिक अस्थिरता पैदा हो सकती है।
इधर, तमिलनाडु की राजनीति में नया मोड़ तब आया जब M. K. Stalin की पार्टी DMK और Edappadi K. Palaniswami के नेतृत्व वाली AIADMK के बीच बैकचैनल बातचीत की चर्चा सामने आई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, AIADMK सरकार बनाए और DMK बाहर से समर्थन दे, इस फॉर्मूले पर चर्चा चल रही है।
वहीं CPI ने सुप्रीम कोर्ट के एसआर बोम्मई फैसले का हवाला देते हुए कहा है कि बहुमत परीक्षण राजभवन नहीं, बल्कि विधानसभा के पटल पर होना चाहिए। दूसरी ओर AIADMK विधायकों की गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक पुडुचेरी में ठहरे कई विधायक आगे की रणनीति पर लगातार बैठकें कर रहे हैं।



