सुशासन तिहार 2025: सहसपुर में सीएम की चौपाल, प्राचीन मंदिर बनेगा पर्यटन स्थल—खाट पर बैठकर सुनी जनता की बात, किए कई अहम ऐलान

00बेमेतरा जिले के सहसपुर गांव में औचक पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, फूल-मालाओं से हुआ स्वागत, मंदिर सौंदर्यीकरण और स्कूल भवन को मिली स्वीकृति00
बेमेतरा, 6 मई 2025। सुशासन तिहार 2025 के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बेमेतरा जिले के ग्राम सहसपुर में औचक निरीक्षण किया। बिना पूर्व सूचना के मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर जब गांव में उतरा, तो ग्रामीणों में हर्ष की लहर दौड़ गई। गांव के पुराने बरगद के नीचे खाट पर बैठकर मुख्यमंत्री ने चौपाल लगाई और सीधे जनता से संवाद किया।
ग्रामीणों ने परंपरागत रूप से चंदन-आरती, फूल-मालाओं से मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने सहसपुर में 13वीं–14वीं शताब्दी के फणी नागवंशी राजाओं द्वारा निर्मित प्राचीन शिव मंदिर के दर्शन किए और इसके ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए मंदिर परिसर एवं हनुमान मंदिर के सौंदर्यीकरण की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर सहसपुर के मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा, “महाशिवरात्रि के मेले में मैं स्वयं सहसपुर आऊंगा।” यह घोषणा गांववासियों के लिए गौरव और उत्साह का क्षण बना।
मुख्यमंत्री ने सहसपुर हायर सेकेंडरी स्कूल के लिए नए भवन की स्वीकृति की घोषणा की और साथ ही 33 केव्ही विद्युत सब स्टेशन की स्थापना का ऐलान भी किया, जिससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को बल मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार की योजनाएं अब और अधिक प्रभावी रूप से गांव-गांव तक पहुंचेंगी। सुशासन तिहार के तहत यह दौरा संवेदनशील और भागीदारीपूर्ण शासन की एक मिसाल बनता जा रहा है, जहां सरकार जनता के बीच जाकर संवाद, समाधान और भरोसे का नया अध्याय लिख रही है।



