महासमुंद में 1.14 करोड़ का गांजा जब्त: सब्जी कैरेट के पीछे छिपाकर हो रही थी तस्करी, महाराष्ट्र के दो आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद, 07 मई 2026। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने एक पिकअप वाहन से 226.600 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 14 लाख 30 हजार रुपए बताई जा रही है। मामले में महाराष्ट्र के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा लेकर एक पिकअप वाहन महासमुंद होते हुए महाराष्ट्र की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारीपाली स्थित एनएच-53 पर सिल्की ढाबा के सामने नाकेबंदी की गई।
नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक MH16CD8741 को रोककर तलाशी ली। जांच में वाहन के डाले में रखे खाली सब्जी कैरेटों के पीछे बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से गांजा, पिकअप वाहन और तीन मोबाइल फोन जब्त किए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र के अहमदनगर निवासी अजिनाथ आश्रु जाधव (28) और अक्षय बारुक (32) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के बालिगुड़ा से लेकर अहमदनगर जा रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। लगातार चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।



