
रायपुर। राजधानी रायपुर के कुशालपुर इलाके में देर शाम उस वक्त दहशत फैल गई, जब स्कॉर्पियो सवार युवकों और बाइक सवारों के बीच बीच सड़क पर खूनी गैंगवार शुरू हो गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर चाकू, फरसे और लाठी-डंडे चले। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला Raipur Police के DD नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुशालपुर रिंग रोड पर स्कॉर्पियो सवार युवकों ने बाइक सवारों को रोक लिया, जिसके बाद कहासुनी अचानक हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों तरफ से युवक हथियार लेकर पहुंचे थे और एक-दूसरे पर जानलेवा हमला करने लगे।
घटना के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों ने डर के कारण दूरी बना ली, जबकि कई लोगों ने अपने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वायरल वीडियो में युवक खुलेआम एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं। सड़क से गुजर रहे वाहन चालक भी सहमे दिखाई दिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आसपास भीड़ नहीं जुटती, तो घटना और भी गंभीर हो सकती थी। भीड़ बढ़ते देख सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही DD नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और गैंग प्रतिद्वंद्विता की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश जारी है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने राजधानी में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।



