बंगाल में BJP सरकार का फॉर्मूला तय! शुभेंदु अधिकारी बन सकते हैं CM, रूपा गांगुली महिला डिप्टी CM की दौड़ में आगे

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज बड़ा घटनाक्रम देखने को मिल सकता है। विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान करने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी दो डिप्टी सीएम फॉर्मूले पर काम कर रही है, जिसमें एक महिला उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा तेज है।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री पद के लिए शुभेंदु अधिकारी का नाम लगभग तय माना जा रहा है। वहीं महिला डिप्टी सीएम के तौर पर अभिनेत्री और भाजपा नेता रूपा गांगुली का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। पार्टी उत्तर बंगाल से भी एक डिप्टी सीएम बना सकती है। बताया जा रहा है कि गृह मंत्रालय शुभेंदु अधिकारी अपने पास रख सकते हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज शाम तक आधिकारिक घोषणा कर सकते हैं।
थोड़ी देर में विधायक दल की बैठक
भाजपा विधायक दल की अहम बैठक आज शाम करीब 4 बजे होने वाली है। इस बैठक में विधायक दल का नेता चुना जाएगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह विशेष रूप से कोलकाता पहुंच रहे हैं। उनके साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी मौजूद रहेंगे।
यह पूरा घटनाक्रम राज्यपाल आर.एन. रवि द्वारा पश्चिम बंगाल विधानसभा भंग किए जाने के बाद तेज हुआ है। 7 मई को जारी अधिसूचना में विधानसभा भंग करने की पुष्टि की गई थी।
9 मई को हो सकता है शपथ ग्रहण
सूत्रों के मुताबिक, नई भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को आयोजित किया जा सकता है। इसे भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। साथ ही करीब 20 राज्यों के मुख्यमंत्री भी समारोह में पहुंच सकते हैं।



