छत्तीसगढ़
Trending

भाटापारा: सर्वोत्तम इंडस्ट्रीज के बायोमास प्लांट में भीषण आग, राहत कार्य जारी

भाटापारा, 5 जून 2025

भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम टेहका रोड स्थित सर्वोत्तम इंडस्ट्रीज के बायोमास प्लांट में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे प्लांट को अपनी चपेट में ले लिया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गईं। तेज गर्मी के चलते आग बुझाने में दमकल कर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर मौजूद है और आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह प्लांट राकेश इदलानी का है, जहां लकड़ी के भूसे से प्लाईवुड निर्माण किया जाता है। प्लांट परिसर में बड़ी मात्रा में लकड़ी का भंडारण होने के चलते आग तेजी से फैलती गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए JCB मशीनों की मदद से उन स्थानों से लकड़ियों को हटाया जा रहा है, जहां अभी आग नहीं पहुंची है, ताकि आग आगे न बढ़े।

फिलहाल आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है और तापमान अधिक होने के कारण इसे पूरी तरह बुझाने में अभी कई घंटे लग सकते हैं। राहत की बात यह है कि अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन की निगरानी में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button