छत्तीसगढ़
Trending

पश्चिम बंगाल-असम में भाजपा बढ़त से उत्साह, छत्तीसगढ़ में जश्न; एकात्म परिसर में झालमुड़ी खाकर कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

रायपुर, 04 मई 2026

पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी को बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है। इन रुझानों के बीच छत्तीसगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और कई जगहों पर जश्न मनाया जा रहा है।

राजधानी रायपुर स्थित भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जुटे। यहां कार्यकर्ताओं ने झालमुड़ी खाकर जीत का जश्न मनाया और ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर नृत्य किया। इस दौरान ‘पाप अनाचार में, घोर अंधकार में, श्री राम जी की सेना चली’ जैसे गीत गाकर उत्साह जताया गया।

बलरामपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता को अब निरंकुश सरकार से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि असम में भी भाजपा की वापसी तय है। वहीं बिलासपुर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने इन रुझानों को कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि “ममता गई, अब बंगाल में समता आई” और असम के विकास के लिए पार्टी फिर पूरी ताकत से काम करेगी।

प्रदेश के अन्य जिलों में भी जश्न का माहौल देखने को मिला। भिलाई के चौक-चौराहों पर कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी और पटाखे फोड़े। रायगढ़ में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के बाहर जुटे और ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया। जिला महामंत्री विकास केडिया ने इसे “सत्य की जीत” बताते हुए खुशी जताई।

रायपुर में भाजपा नेता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि बंगाल में राष्ट्रीय सुरक्षा और घुसपैठ का मुद्दा प्रमुख रहा, जिस पर जनता ने अपना समर्थन दिया। उनके मुताबिक, यही इस बढ़त का मुख्य कारण बना।

फिलहाल रुझानों के साथ ही जश्न का दौर जारी है और अंतिम परिणामों का सभी को इंतजार है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button